अर्जुन शस्त्र | बरेली —
थाना बारादरी के सैटेलाइट चौकी क्षेत्र स्थित कटरा चांद खां इलाके में कथित हिट एंड रन का एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार सेंट मैरीज़ स्कूल की इंग्लिश टीचर पूनम सिंह सुबह स्कूल जा रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की स्पीड काफी तेज बताई जा रही थी। हादसा इतना भयावह था कि उनकी टांग में कई जगह फ्रैक्चर हो गए, हड्डी बाहर निकल आई और नसों में भी गंभीर चोट आई। मौके पर काफी देर तक खून बहता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बाइक सवार मौके से चला गया। वहीं सेंट मैरीज़ स्कूल की साथ में पढ़ाने वाली शिक्षिकाओं ने मानवता दिखाते हुए घायल पूनम सिंह को तुरंत बरेली के गंगाचरण अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टर महेश्वरी के अनुसार यदि घायल को समय पर अस्पताल नहीं लाया जाता तो स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घायल शिक्षिका का इलाज जारी है। वाहन नंबर के आधार पर बाइक आरके यादव, निवासी कटरा चांद खां के नाम से जुड़ी बताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित शिकायत और जांच के आधार पर की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज गति और लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
✍️ संपादक – अर्जुन देव सिंह
Call / WhatsApp: 9758 231 444
Email: asnews24online@gmail.com
Website: www.arjunshastranews.com
ArjunShastraNews #PrintAndDigitalMedia #MediaPowerhouse #ArjunDevSingh #9758231444


