Homeप्रदेशबरेली में PALM SUNDAY पर निकलेगा भव्य जुलूस, शहर के चर्चों में...

बरेली में PALM SUNDAY पर निकलेगा भव्य जुलूस, शहर के चर्चों में होगी विशेष प्रार्थना सभा

अर्जुन शस्त्र | बरेली — पाम संडे के अवसर पर बरेली चर्च एसोसिएशन के तत्वावधान में मसीही समुदाय के लोग स्टेशन रोड स्थित मुक्ति फौज चर्च में एकत्रित होंगे, जहां से एक भव्य जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम प्रवेश की स्मृति में निकाला जा रहा है, जब वे क्रूस पर बलिदान से पूर्व गधे के बच्चे पर सवार होकर शहर में प्रवेश किए थे। इस घटना का संदेश यह है कि प्रभु यीशु मसीह समाज के उन सभी लोगों के लिए आए, जिन्हें दुनिया ने उपेक्षित और तिरस्कृत माना।
इस अवसर पर बरेली शहर के विभिन्न चर्चों के पादरी, फादर, सिस्टर्स और बड़ी संख्या में मसीही अनुयायी मुक्ति फौज चर्च से पासवानों के नेतृत्व में जुलूस के रूप में निकलेंगे। यह जुलूस कचहरी, चौकी चौराहा और अयूब खान चौराहा होते हुए क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च पहुंचेगा, जहां सामूहिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष पादरी अनिल मसीह ने बताया कि जुलूस का संचालन पादरी परमेंद्र मसीह करेंगे। वहीं पादरी सुनील मसीह ने कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करते हुए सभी विश्वासियों से सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न चर्चों जैसे कैथोलिक चर्च, बरेली चर्च, पेंटेकोस्टल चर्च, सिय्योन चर्च, सदर मेथोडिस्ट चर्च, वीरभट्टी मेथोडिस्ट चर्च, सुभाष नगर मेथोडिस्ट चर्च, सेंट पॉल्स चर्च, एजी चर्च, जेल चर्च, इंडिपेंडेंट चर्च, क्राइस्ट चर्च तथा सीएनआई (CNI) चर्च के पासवान और अनुयायी भी शामिल होंगे। क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च में प्रार्थना सभा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही सोमवार से दुखभोग सप्ताह (पैशन वीक) की शुरुआत होगी, गुरुवार को प्रभु भोज, शुक्रवार को गुड फ्राइडे की विशेष आराधना और रविवार को ईस्टर पर्व (पुनरुत्थान दिवस) उल्लास के साथ मनाया जाएगा।


अर्जुन शस्त्र
PRINT & DIGITAL | MEDIA POWERHOUSE
──────────────────────────────
✍️ संपादक – अर्जुन देव सिंह
Call / WhatsApp: 9758 231 444
Email: asnews24online@gmail.com
Website: www.arjunshastranews.com⁠

RELATED ARTICLES

Most Popular