संजय पांडेय ‘गौहर’ को मिला ‘कुमुद साहित्य शिरोमणि सम्मान’
भारतेंद्र सिंह की पुस्तक ‘पंछियों की पंचायत’ का हुआ लोकार्पण
अर्जुन शस्त्र | बरेली —
साहित्यकारों का हुआ भव्य संगम
साहित्यकार ज्ञान स्वरूप ‘कुमुद’ स्मृति सम्मान समिति के तत्वावधान में स्टेडियम रोड स्थित लोक खुशहाली सभागार में ज्ञान स्वरूप ‘कुमुद’ की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद एवं साहित्य प्रेमी शामिल हुए।
प्रमुख अतिथियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) तुलिका सक्सेना रहीं। विशिष्ट अतिथियों में संजय पांडेय ‘गौहर’, रमेश गौतम एवं भारतेंद्र सिंह शामिल रहे। अध्यक्षता रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ ने की जबकि संचालन डॉ. मुकेश ‘मीत’ ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। मोहन चंद्र पांडेय ने सरस्वती वंदना तथा उमेश चंद्र गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
सम्मान समारोह बना आकर्षण का केंद्र
साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संजय पांडेय ‘गौहर’ को ‘कुमुद साहित्य शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं प्रो. (डॉ.) तुलिका सक्सेना एवं डॉ. विमित वर्मा को ‘कुमुद स्मृति सम्मान’ प्रदान किया गया। सम्मान संस्था के संरक्षक डॉ. महेश मधुकर, अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता एवं संस्थापक-सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट द्वारा प्रदान किए गए।
‘पंछियों की पंचायत’ पुस्तक का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण साहित्यकार भारतेंद्र सिंह द्वारा रचित पुस्तक ‘पंछियों की पंचायत’ का लोकार्पण रहा। अतिथियों ने पुस्तक को बाल साहित्य एवं जनसाहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कृति बताया और लेखक को शुभकामनाएं दीं।
कवियों ने बांधा समां, देर शाम तक गूंजती रहीं रचनाएं
इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में विभिन्न जनपदों से आए कवियों ने गीत, ग़ज़ल, नवगीत, मुक्तक एवं हास्य-व्यंग्य की रचनाओं का पाठ किया। देर शाम तक चले काव्यपाठ ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में साहित्यिक वातावरण बना रहा।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
डॉ. महेश मधुकर, डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता, उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट, दीपक मुखर्जी ‘दीप’, इंद्रदेव त्रिवेदी, शंकर स्वरूप सक्सेना, डॉ. मिथिलेश राकेश, गणेश पथिक, डॉ. दीपंकर गुप्त, कैलाश मिश्रा ‘रसिक’, डॉ. प्रणब गौतम, सरवत परवेज सहसवानी, विवेक विद्रोही, पवन अंचल सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अर्जुन शस्त्र PRINT & DIGITAL | MEDIA POWERHOUSE
✍️ संपादक – अर्जुन देव सिंह
Call / WhatsApp: 9758 231 444
Email: asnews24online@gmail.com
Website: www.arjunshastranews.com
#ArjunShastraNews #ArjunDevSingh #9758231444


