Homeप्रदेशअटल स्मृति समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह...

अटल स्मृति समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अटल जी को दी श्रद्धांजलि

अर्जुन शस्त्र | बरेली —
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर बरेली महानगर (नगर निगम) में “अटल स्मृति समारोह” का भव्य आयोजन अर्बन हार्ट ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, दूरदृष्टि और राजनीतिक कुशलता का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अटल जी की कविताएँ, संसदीय भाषण, पत्रकारिता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए विचार आज भी देश को दिशा देते हैं। लखनऊ से प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने वाले अटल जी ने विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊँचाई दी। उत्तर प्रदेश से उनका गहरा नाता रहा और संसद में सर्वाधिक बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर उन्होंने राष्ट्र को प्रेरणा दी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने अटल जी को भारतीय राजनीति का युगपुरुष बताते हुए कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने सत्ता को जनसेवा का माध्यम माना। पोखरण परमाणु परीक्षण और लाहौर बस यात्रा जैसे निर्णयों ने भारत को आत्मविश्वास और शांति का संदेश दिया। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि अटल जी का जन्मदिवस सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है और वे एक श्रेष्ठ राजनेता के साथ-साथ संवेदनशील साहित्यकार भी थे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि संवाद, शालीनता और राष्ट्रहित अटल जी की राजनीति की पहचान थी। समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेताओं, पार्षदों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही।

अर्जुन शस्त्र
PRINT & DIGITAL | MEDIA POWERHOUSE
──────────────────────────────
संपादक : अर्जुन देव सिंह
Call / WhatsApp : 9758 231 444
Website : www.arjunshastranews.com
Email : asnews24online@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular